
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 5 जून। गुरुग्राम के खेड़की दौला में एक महिला से छेड़छाड़ पर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें 6 लोग घायल हो गए। मारपीट में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं और उन्होंने भी खूब लाठियां भांजी। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
विवाद तब शुरू हुआ जब एक महिला के साथ पड़ोसी द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। पीड़िता ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष के लोग झगड़े पर उतर आए। उन्होंने उस पर हमला कर दिया। इस झगड़े का वीडियो भी सामने आया है। इस बीच महिला के परिजनों और स्थानीय महिलाओं ने मामले को अपने हाथ में ले लिया। दोनों तरफ की महिलाओं ने लाठियां उठाई और आपस में भिड़ गईं। वीडियो में महिलाएं लाठियां बरसाती नजर आ रही हैं। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद जल्द ही हिंसक संघर्ष में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठियों और हथियारों से हमला किया। इस दौरान 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित महिला की शिकायत लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस हिंसक झड़प में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।