Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरुग्राम के विकास को लेकर कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। सैनी ने 113 करोड़ 64 लाख रुपये की 6 परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किए। सैनी ने साथ ही सभी प्रदेशवासियों को आगामी नववर्ष की बधाई और शुभकामना दी।
सैनी आज गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा के जन्मदिन पर यहां कंपनी बाग में आयोजित ‘विकसित गुरुग्राम महारैली’ में मुख्य अतिथि के रूप शामिल हुए। सैनी ने महारैली ने कहा कि विकसित गुरुग्राम महारैली में गुरु द्रोण की पावन धरा पर आना मेरे लिए गौरव की बात है। यह रैली गुरुग्राम को विश्व के सर्वश्रेष्ठ शहरों की श्रेणी में खड़ा करने का हमारी सरकार के संकल्प का प्रतिबिंब है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम केवल हरियाणा की नहीं बल्कि भारत की आर्थिक राजधानी के रूप में उभर कर सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए। गुरुग्राम में 28.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर का भी शिलान्यास किया गया। इस पर 5500 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। इस मेट्रो रूट से नया और पुराना गुरुग्राम आपस में जुड़ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में शीतला माता मेडिकल कॉलेज का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर प्रदेश में कार्य कर रही है। गुरुग्राम पुलिस लाइन के निकट स्थित गौशाला मैदान में नए विद्यालय भवन का निर्माण करवाया जाएगा। इस भवन पर 4 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने कहा कि नेहरू स्टेडियम में पुराने खेल हॉस्टल के स्थान पर नए खेल हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा गुरुग्राम में 30 आरोग्य मंदिर शुरू करवाए जाएंगे। गुरुग्राम के सेक्टर 29 में सिटी बस टर्मिनल का भी निर्माण करवाया जाएगा। सेक्टर 23 के बायोडायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी का निर्माण करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गुरु द्रोणाचार्य और माता शीतला के नाम पर गुरुग्राम में प्रवेश द्वार बनवाए जाएंगे। कमला नेहरू पार्क में एक सामुदायिक केंद्र का भी निर्माण करवाया जाएगा। सदर बाजार को सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ स्मार्ट बाजार के तौर पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में 100 किलोमीटर से अधिक की स्मार्ट रोड का भी निर्माण कार्य करवाया जाएगा। गुरुग्राम के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ने अलग से 5 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के साथ-साथ सोहना और पटौदी विधानसभा क्षेत्रों को 5-5 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा की।



