Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। यह दृश्य है गुरुग्राम के सबसे व्यस्त बाजार सदर बाजार का। समय दोपहर के करीब दो बज रहे हैं। आप देख सकते हैं कि सदर बाजार की सड़क कैसे गंदगी से अटी पड़ी है। यह वही सड़क है जिससे पिछले साल आज के दिन ही यहां के स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा कार और गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ कानफोड़ू म्यूजिक के साथ गुजरे थे। इस दौरान जगह-जगह उनको जन्मदिन की मुबारकबाद देने के लिए यहां के दुकानदारों ने उनका भव्य स्वागत किया था। इस स्वागत के पीछे शायद उनकी यह भी मंशा रही होगी कि विधायक यदि ध्यान देंगे तो बाजार को गंदगी और टूटी सड़कों से मुक्ति मिलेगी।

लेकिन आज ठीक एक साल बाद यहां सदर बाजार की हालत नहीं बदले हैं। वहीं, आज मुकेश शर्मा पहलवान अपना जन्मदिन को भव्य रूप से कंपनी बाग में मना रहे हैं। इस समारोह का नाम उन्होंने विकसित गुरुग्राम महारैली रखा है। इस महारैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए और उन्होंने आज 113 करोड़ 64 लाख रुपये की 6 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। साथ ही उन्होंने यह भी वादा किया कि सरकार गुरुग्राम के विकास को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ेगी। परंतु सदर बाजार में गंदगी भरी और टूटी सड़क विधायक के ‘विकसित गुरुग्राम महारैली’ के दावे पर बड़ा सवालिया निशान छोड़ रही है। अब आने वाला समय ही बताएगा कि सीएम सैनी के वादे धरालत में उतरते हैं या सबकुछ हवा-हवाई ही रहेगा।
मालूम हो कि सीएम सैनी भी दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद इस साल सदर बाजार में आए थे। तब निगम ने यहां की टूटी सड़क पर बोरियों में रोड़ी-बजरी भरकर अस्थाई पैचवर्क किया था।




