Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 31 दिसंबर। नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा और निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने शहरवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनादेते हुए कहा कि नया वर्ष नई उम्मीदों, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ने का अवसर है।
वर्ष 2026 को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और पारदर्शी प्रशासन का वर्ष बनाने का संकल्प नगर निगम ने लिया है। उन्होंने बताया कि निगम का लक्ष्य गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करना है, जिसमें नागरिकों की सहभागिता सबसे अहम भूमिका निभाती है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, जल संरक्षण और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करें। साथ ही, यातायात नियमों का पालन, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और समय पर टैक्स व शुल्क का भुगतान कर शहर के विकास में सहयोग देने की अपील की।
नगर निगम वर्ष 2026 में डिजिटल सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने, शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने, स्वच्छता अभियानों को निरंतर चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर निगम और नागरिक मिलकर यदि एकजुट होकर कार्य करें तो गुरुग्राम को एक आदर्श शहर के रूप में स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए नववर्ष 2026 के लिए शुभेच्छाएं दीं।



