विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता और संरक्षण हेतु राज्यस्तरीय पहल
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 अगस्त। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण (एचएसएलएसए) द्वारा अगस्त माह में मनाए जाने वाले विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर एक राज्यस्तरीय जन-जागरूकता अभियान “सम्मान से जीवन, अधिकार से रक्षा” की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेशभर में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज को उनकी देखभाल और सम्मान के प्रति संवेदनशील बनाना है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम के सचिव रजत वर्मा ने बताया कि इस अभियान के मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में शिक्षित करना; परिवारजनों और देखभालकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना; समाज में वृद्धजनों के शोषण को रोकना और सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता सेवाओं का प्रचार-प्रसार करना है।
इस अभियान के तहत राज्य के हर जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सबसे पहले, पार्कों या सार्वजनिक स्थानों पर अस्थाई डे-केयर केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में फर्नीचर, पुस्तकें, खेल, पैंट्री आदि की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे वरिष्ठ नागरिक दिन के समय सामाजिक सहभागिता के साथ उपयोगी समय बिता सकेंगे और युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन भी प्रदान कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जागरूकता सत्रों का आयोजन वृद्धाश्रमों, सेवानिवृत्त गृहों और सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी। अस्पतालों, बैंकों एवं परिवहन केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिक सहायता डेस्क भी स्थापित की जाएंगी, ताकि उन्हें आवश्यक जानकारी और सहायता समय पर मिल सके।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर और विधिक परामर्श सत्रों का आयोजन भी इस अभियान का हिस्सा होगा। इन सत्रों में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं और कानूनी सलाह दी जाएगी, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति सशक्त हो सकें। विधिक जागरूकता शिविरों में ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’, संपत्ति अधिकार, स्वास्थ्य अधिकार जैसे अहम कानूनों की जानकारी दी जाएगी। इन शिविरों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों से परिचित कराना है ताकि वे अपने लिए आवाज उठा सकें।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम)-सह-सचिव द्वारा वृद्धाश्रमों में दौरे एवं निरीक्षण किए जाएंगे, ताकि जमीनी स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों की स्थितियों का मूल्यांकन किया जा सके और सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग एवं विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है। यह एक संयुक्त प्रयास है, जिससे वृद्धजनों के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को साकार किया जा सके।
अभियान “सम्मान से जीवन, अधिकार से रक्षा” हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से वृद्धजनों के प्रति सम्मान और उनके अधिकारों की सुरक्षा हेतु की गई एक सशक्त पहल है। यह अभियान एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में कदम है जहां बुज़ुर्गों को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि पूरा सम्मान और संरक्षण मिले।
अभियान से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम से संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय गेट नंबर 2, जिला न्यायालय परिसर, राजीव चौक, गुरुग्राम में स्थित है। संपर्क हेतु दूरभाष संख्या 0124-2221501 है।



