राजकीय आईटीआई गुरुग्राम में मुख्य अतिथि रविंदर ने छात्रों को दिए उद्योग जगत में सफलता के मंत्र
महिला आईटीआई गुरुग्राम में भी हुआ पुरस्कार वितरण, छात्राओं को मिला प्रोत्साहन और सम्मान
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 अक्टूबर। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के तत्वावधान में आज गुरुग्राम के दो प्रमुख राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) गुरुग्राम में सत्र 2024-25 के सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं और छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र, मोमेंटो और पुरस्कार प्रदान किए गए।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि रविंदर, एजीएम कैपारो मारुति द्वारा किया गया। विभिन्न व्यवसायों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि ये गुण ही उन्हें उद्योग जगत में बेहतर भविष्य प्रदान करेंगे।
संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने कहा कि आईटीआई से प्रशिक्षित युवा देश की प्रगति की मजबूत नींव हैं। निरंतर शिक्षा और नई तकनीकों को अपनाकर ही वे वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। संस्थान का उद्देश्य है कि हर विद्यार्थी न केवल रोजगार प्राप्त करे, बल्कि उद्यमिता के माध्यम से दूसरों के लिए भी अवसर सृजित करे।
दूसरी ओर, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) गुरुग्राम में निदेशालय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा एसडीआईटी पंचकूला के निर्देशानुसार समारोह आयोजित हुआ। सत्र 2024-25 की पासआउट छात्राओं को उनके व्यवसायों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए प्रधानाचार्य जगमंदिर द्वारा सर्टिफिकेट और पुरस्कार वितरित किए गए।




