Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 नवंबर। यह दृश्य गुरुग्राम के सदर थाने का है। यहां पर एक युवक घुटनों के बल कान पकड़ कर बैठा है। 21 वर्षीय यह युवक सेक्टर 34 स्थित डीपीजी कॉलेज में तृतीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार 14 नवंबर को युवक कॉलेज के बिना नंबर की कार को तेज गति से चला रहा था। कार की आगे की नंबर प्लेट पर नंबर की जगह BLACKLISTED लिखा हुआ था और पीछे वाली नंबर प्लेट पर यादव लिखा हुआ था। रेवाड़ी के रहने वाले छात्र को पुलिस ने मौके से ही दबोच लिया। पुलिस ने छात्र से वरना कार भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर को सेक्टर 34 स्थित डीपीजी कॉलेज के पास तैनात ईवीआर-272 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक कार को तेजगति से आते हुए देखा। रोके जाने का इशारा किए जाने पर चालक ने कार को 15-20 कदम की दूरी पर रोक कर वहां से फरार होने लगा। जिस पर पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़कर कर पकड़ लिया। जिसके बाद सदर थाने में वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
आरोपी की पहचान सोनू (उम्र 21 वर्ष, शिक्षा बी.ए. फाइनल ईयर) निवासी गांव खरखड़ा जिला रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि सोनू डीपीजी कॉलेज में बी.ए. तृतीय वर्ष का छात्र है। सोनू ने गाड़ी की नंबर प्लेट से नंबर हटाकर उसकी जगह आगे ब्लैकलिस्टिड तथा पीछे यादव लिखवाया हुआ था। सोनू ने गाड़ी को तेजगति, गफलत व लापरवाही से चलाकर आमजन की जान को जोखिम डालने की वारदात को अंजाम दिया।



