
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 जून। गुरुग्राम में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। जिसमें गैंगस्टर कौशल जोनियावास गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल गैंगस्टर कौशल जोनियावास समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सभी बदमाश रात के अंधेरे ट्रकों को लूटने की फिराक में थे। घायल गैंगस्टर कौशल जोनियावास को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि इनामी गैंगस्टर कौशल जोनियावास दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजरने वाला है। जिसके बाद मानेसर क्राइम ब्रांच की टीम ने सहरावन गांव के पास घेराबंदी कर दी। तभी पुलिस को पता लगा कि 6 बदमाश हाईवे के पास पंचगांव से कासन रोड पर हथियारों के बल पर ट्रक लूटने की साजिश रच रहे हैं। फिर CIA मानेसर व CIA सेक्टर-10 की टीमें उनके पीछे लग गई।
कौशल को जैसे ही भनक लगी कि पुलिस उसके पीछे लगी है तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से कुछ देर तक लगातार गोलियां चलती रहीं। दोनों के बीच करीब 10 राउंड फायरिंग हुई।
इसी बीच मौका देख कौशल वहां से भागने लगा तो पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। जिससे वह वहीं गिर गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कौशल समेत छह बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने बदमाशों से हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कौशल पर 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पहले भी पुलिस ने उसे मुठभेड़ में पकड़ा था। मगर, इसके बाद जमानत मिलते ही वह फिर भगोड़ा हो गया। कौशल जोनियावास गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में लंबे समय से पुलिस के लिए मुसीबत बना हुआ था। वह फिलहाल अपना ही गैंग चला रहा था, जबकि कुछ बदमाश उसके साथ जुड़े हुए हैं। वह अपहरण, हत्या और फिरौती जैसे कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। पटौदी के लेबर कांट्रेक्टर कृष्ण के अपहरण और हत्या के मामले में उसकी संलिप्तता सामने आई थी। इससे पहले भी फर्रुखनगर सीआईए ने कौशल को एक मर्डर के केस में पकड़ा था। वह अपने साथी अनिल के घर छिपा हुआ था। उस समय भी उसने भागने की कोशिश की थी, जिस पर पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी थी। दिसंबर 2021 में भी ऐसी ही एक मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी।
पुलिस के अनुसार कौशल जोनियावास एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई जिलों में मामले दर्ज हैं।
कौशल गांव जोनियावास का रहने वाला है, जोनियावास गुरुग्राम में फर्रुखनगर के पास पड़ता है।