Bilkul Sateek News
गुरुग्राम (योगेश सैनी), 14 नवंबर। बिहार चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड बढ़त पर कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने इसे आशाओं से विपरीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर के जरिए 65 लाख वोट काटे गए थे। इसी गड़बड़ी के चलते बिहार में रुझान भी सामने आ रहे हैं। 2014 के बाद हुए चुनावों के जितने भी परिणाम सामने आए हैं, वह सभी लोगों की आशाओं के विपरीत ही रहे हैं। 2024 में हरियाणा लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में विपक्ष के साथ भाजपा नेता भी कहने लगे थे कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी, लेकिन जब परिणाम आए तो वह बिल्कुल ही उलट निकले।
राव नरेंद्र ने कहा कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए है। जिनका खुलासा राहुल गांधी ने किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा ने चुनाव जीता था। जिसके विरोध में कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान चला रखा है। जिसका समापन 11 दिसंबर को गुरुग्राम में किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के लोगो को भाजपा की कुनीतियों से लेकर वोट चोरी तक के लिए जागरूक किया जा रहा है।
वहीं, देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किए और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। राव नरेंद्र ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री ने जो विजन दिया था उसी रास्ते पर चल कर देश आज तरक्की की बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि जिस समय देश आजाद हुआ और पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश की बागडोर संभाली तो देश को उच्च कोटि का बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। वहीं, बच्चों से प्यार के चलते उन्हें चाचा नेहरू की उपाधि भी दी गई। बच्चों से लगाव के चलते ही वह चाचा नेहरू कहलाए और भारत को नई सोच दी जो कि आज भी कारगर साबित हो रही है।



