Image source : social media
चंडीगढ़ : हरियाणा के कैथल जिले के पूंडरी, कलायत और सीवन में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कलायत से मैनपाल राणा, पूंडरी से ममता सैनी और सीवन से शैली मुंजाल को चेयरपर्सन पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। ये तीनों लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं।
शैली मुंजाल, जो पोस्ट ग्रेजुएट हैं, को सीवन नगरपालिका से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। वे पिछले 12 वर्षों से पार्टी से जुड़ी हुई हैं और 2014 में भाजपा महिला विंग की उपाध्यक्ष भी रही थीं। शैली वर्तमान में भाजपा के महिला कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं। पेशे से वे नर्सिंग कॉलेज संचालित करती हैं। सीवन में पंजाबी समुदाय का प्रभाव अधिक है, जिसे देखते हुए भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है।
मैनपाल राणा को कलायत नगरपालिका से भाजपा ने प्रत्याशी घोषित किया है। वे 2014 से भाजपा के साथ जुड़े हैं और उनकी पत्नी सुरेश रानी पूर्व में नगरपालिका की चेयरपर्सन रह चुकी हैं। पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा के करीबी माने जाने वाले मैनपाल राजपूत समुदाय से आते हैं। कलायत में राजपूत मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
38 वर्षीय ममता सैनी को पूंडरी नगरपालिका से भाजपा ने चेयरपर्सन पद का उम्मीदवार बनाया है। वे काफी समय से पार्टी से जुड़ी रही हैं। पूंडरी में सैनी समुदाय का मजबूत प्रभाव है, जिसे देखते हुए भाजपा ने उन्हें मैदान में उतारा है। उनके ससुर रोशन सैनी मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं और कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद नायब सैनी के भी प्रमुख कार्यकर्ताओं में शामिल रहे हैं।




