
पंचकूला : हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी जल्द दूर होने वाली है। स्वास्थ्य विभाग ने 777 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। विभाग ने अंतिम परिणाम घोषित करते हुए चयनित उम्मीदवारों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है।
चयनित उम्मीदवारों को 17 फरवरी को पंचकूला स्थित महानिदेशक कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है, जहां उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी और मूल दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया के पूर्ण होते ही, सभी चयनित डॉक्टरों को प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में नियुक्त किया जाएगा।
हरियाणा के अस्पतालों में लगभग 800 डॉक्टरों की कमी है, जिसके कारण मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। इन 777 नए डॉक्टरों के शामिल होने से प्रदेश के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, सरकार ने राज्य में 718 उप-स्वास्थ्य केंद्र, 82 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 25 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई है, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
चिकित्सा अधिकारियों की इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन 8 अगस्त से 28 अगस्त 2024 तक स्वीकार किए गए थे, और परीक्षा 3 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी। नए डॉक्टरों की नियुक्ति से हरियाणा के स्वास्थ्य ढांचे में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद है, जिससे प्रदेश के नागरिकों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।