अंबाला: हरियाणा के अंबाला में दामाद ने सास पर गोलियां चला दी। गांव मंडौर में पत्नी को मायके से लेने आए दामाद का अचानक माथा ठनक गया। गनीमत रही कि गोली सास को छू कर निकल गई। घायल महिला को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोली लगने से घायल हुई अंग्रेजो देवी ने बताया कि उसकी बेटी मनप्रीत कौर की सादोपुर में सुसराल है। उसने जशनप्रीत सिंह से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही दामाद जशनप्रीत उनकी बेटी को दहेज के लिए तंग करने लगा। इसी दौरान कई बार जशनप्रीत ने मनप्रीत के साथ मारपीट भी की। इन्ही बातों से तंग आकर अंग्रेजो देवी 13 जनवरी को अपनी बेटी को अपने घर मंडौर लेकर आ गई।
15 जनवरी को दामाद जशनप्रीत बेटी को लेने के लिए उनके घर आया था। इस दौरान घर में उसका बेटा, जेठ और सास मौजूद थी। जब अंग्रेजो ने बेटी को ससुराल भेजने से मना किया तो जशनप्रीत ने अंग्रेजो देवी के साथ बहस करना शुरू कर दिया।
गुस्साए दामाद ने अपनी बंदूक से सास पर दो फायर कर दिए और वहां से फरार हो गया। अंग्रेजो देवी को एक गोली छू कर निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और महिला को नागरिक अस्पताल भर्ती कराया।




