
चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज शाम से प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि 19 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, सोनीपत और रोहतक समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा, कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर लौट सकती है। वहीं, किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं, क्योंकि यह बारिश गेहूं और सरसों की फसलों पर प्रभाव डाल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। हालांकि, यह बारिश लंबे समय तक नहीं रहेगी, लेकिन इसका असर तापमान पर जरूर पड़ेगा।