गुरुग्राम 09 फरवरी 2026
NH-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे पर यातायात पुलिस की सख्ती, #ChallanNahiSalamMilega अभियान जारी
सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे #ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत एक सप्ताह में बड़े पैमाने पर चालान की कार्रवाई की गई है। पुलिस उपायुक्त यातायात गुरुग्राम डॉ. राजेश मोहन, IPS के नेतृत्व में 02 फरवरी 2026 से 08 फरवरी 2026 तक कुल 12,440 चालान किए गए, जिनसे 1 करोड़ 41 लाख 07 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मैदानी स्तर पर 11,045 चालान
यातायात पुलिस द्वारा मौके पर की गई कार्रवाई में रॉंग साइड ड्राइविंग के 1702, रॉंग पार्किंग के 1128, बिना हेल्मेट वाहन चलाने के 749, पिलियन राइडर बिना हेल्मेट के 792, बिना सीट बेल्ट के 762, ड्रंकन ड्राइविंग के 399, खतरनाक यू-टर्न के 340, लेन चेंज के 324 और ट्रिपल राइडिंग के 145 चालान शामिल हैं। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का प्रयोग, ध्वनि प्रदूषण और रोड मार्किंग उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
कैमरों और ड्रोन से 1395 चालान
NHAI कैमरों और आधुनिक तकनीक के माध्यम से 1395 चालान किए गए, जिनमें नो एंट्री के 902, लेन चेंज के 245, ओवरस्पीडिंग, बिना हेल्मेट, बिना सीट बेल्ट और वायु प्रदूषण नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामले शामिल हैं।
NH-48, द्वारका और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी
यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन और कैमरों की मदद से ओवरस्पीडिंग और लेन बदलने जैसे खतरनाक उल्लंघनों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

18 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम
#ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत 18 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1040 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 की जानकारी दी गई। लोगों को हेल्मेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
“ट्रैफिक मित्रा” योजना को मिल रहा समर्थन
यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नागरिकों को “ट्रैफिक मित्रा” के रूप में जोड़ा जा रहा है। इसके लिए SOP जारी की गई है और अब तक 190 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से करीब 39 ट्रैफिक मित्रों को ट्रैफिक टावर स्थित TEC (IRTE) सेंटर में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस गुरुग्राम ने आमजन से अपील की है कि वे #ChallanNahiSalamMilega अभियान में सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित व अनुशासित सड़क व्यवस्था बनाए रखने में भागीदार बनें।



