दादरी जिले नितेश व सोनीपत के अभिषेक को मिला पुरस्कार
राष्ट्रपति ने बांटे सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार
गुकेश व मनु भाकर सहित चार खिलाड़ी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित
नई दिल्ली, 17 जनवरी। केंद्र सरकार ने आज खिलाड़ियों को चार खेल रत्न और 32 अर्जुन अवार्ड दिए । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और अन्य केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। हरियाणा के दादरी जिले के गांव नांधा निवासी नितेश लुहाच और सोनीपत के मयूर विहार निवासी खिलाड़ी अभिषेक नैन को भी अर्जुन अवार्ड दिया गया। आज महिला निशानेबाज मनु भाकर और विश्व शतरंज चैंपियनशिप के विजेता भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश सहित चार खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपियन प्रवीण कुमार को भी खेल रत्न पुरस्कार दिया गया।
दादरी के जिला बनने के बाद पहली बार खिलाड़ी नितेश को अर्जुन अवार्ड मिला है। सोनीपत के मयूर विहार निवासी भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी अभिषेक नैन को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जिससे दोनों खिलाड़ियों के परिवार व जिले में खुशी का माहौल है। अभिषेक नैन पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे है।अभिषेक ने पेरिस ओलंपिक में भारतीय टीम के लिए दो फील्ड गोल किए थे।मूलरूप से गांव भादी के अभिषेक नैन लगातार कई वर्षो से फील्ड हॉकी में अपना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह फिलहाल पुरुष हॉकी इंडिया लीग में श्राची रारह बंगाल टाइगर्स की तरफ से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। अर्जुन पुरस्कार मिलने पर पिता सत्यनारायण ने कहा कि बेटे ने अपने खेल से परिवार का नाम ऊंचा किया है। यह पुरस्कार बेटे की मेहनत का नतीजा है।मां सुरत देवी ने बताया कि अभिषेक को 11 साल की आयु में जामुन के पेड़ से गिरकर चोट लग गई थी। जिसमें नस फट गई थी व 10 से ज्यादा टांके आए थे। तब भी बेटे ने हार न मानते हुए अभ्यास नहीं छोड़ा था। मना करने के बावजूद हॉकी खेलने की जिद्दी पर अड़ा रहा। आज वह अपनी मेहनत व लग्न से देश का नाम रोशन कर रहा है चरखी-दादरी के बाढड़ा उपमंडल के नांधा गांव निवासी पैरा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नितेश लुहाच को भारत सरकार ने अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले नितेश जिले के नौवें खिलाड़ी हैं। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दिल्ली में नितेश को यह सम्मान दिया।नितेश लुहाच से पहले गीता फोगाट, बबीता फोगाट, महेंद्र सिंह राणा, विनेश फोगाट, संजय फोगाट, राजकुमार सांगवान, कविता चहल, कैप्टन हवा सिंह को अर्जुन अवार्ड मिला हुआ था।



