
Image source : social media
चंडीगढ़,17 फरवरी। अमरीका से डिपोर्ट होकर लौटे हरियाणा के दो युवकों को पुलिस ने घर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक युवक कुरुक्षेत्र के पिहोवा का साहिल वर्मा रहने वाला है और दूसरा युवक कैथल का बेलजंपर खेड़ी गुलाम अली निवासी रोहित है।
जानकारी के अनुसार युवक रोहित अमेरिका से डिपोर्ट होकर कल रात देश लौटा था। आरोपी रोहित को सीवन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअरसल, आरोपी रोहित पर वर्ष 2021 में खेड़ी गुलाम अली गांव में लड़ाई झगड़ा के आरोप में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी रोहित कोर्ट में पेश न होकर अमेरिका भाग गया था। रोहित भी डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था। अब यूएस से डिपोर्ट होने के बाद रोहित को थाना सीवन प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह की अगुवाई में एचसी प्रदीप की टीम ने गिरफ्तार किया है। अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे युवकों में कुरुक्षेत्र के पिहोवा का साहिल वर्मा भी शामिल था। वह पॉक्सो और अन्य आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ 14 मई, 2022 को दर्ज मामले में लकुआउट नोटिस जारी किया गया था। कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि साहिल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है।