
मुख्यमंत्री ने की बड़ागढ़ में आयोजित हरियाणा कबड्डी खेल महाकुम्भ कार्यक्रम में घोषणा
विजेता टीमों को किया पुरस्कृत
अंबाला, 20 जनवरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल स्टेडियम बड़ागढ़ में 14 करोड़ रुपए की लागत से हॉकी का एस्ट्रो टर्फ बनाया जाएगा तथा खेल के मैदान में फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा जिला के गांव बड़ागढ़ में आज आयोजित हरियाणा कबड्डी खेल महाकुम्भ कार्यक्रम में की। उन्होंने कहा कि गांव लाहा तथा गांव बिचपड़ी स्थित खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कबड्डी महाकुंभ में पुरुष व महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कबड्डी, कुश्ती और मुक्केबाजी जैसे परम्परागत खेलों का गढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने पदक जीत कर न केवल हरियाणा का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।