
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार को खनन माफिया ने एसडीएम सदर ओम कांत ठाकुर पर हमला कर दिया। इस हमले में अधिकारी का एक दांत टूट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके साथ डीसी मंडी अपूर्व देवगन, एएसपी मंडी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं।
सूत्रों के अनुसार, एसडीएम सदर ओम कांत ठाकुर विन्दरावनी इलाके में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान खनन माफियाओं ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
इस हमले के बाद प्रशासन और पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर अवैध खनन के बढ़ते प्रभाव और प्रशासन पर हो रहे हमलों को उजागर करती है। प्रदेश में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून और कड़ी निगरानी की जरूरत है।