Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 अक्टूबर। विश्व के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले विराट कोहली अब अपने परिवार के साथ इंग्लैंड में रहेंगेे। उन्होंने आज गुरुग्राम स्थित अपनी प्रॉपर्टी की जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) अपने भाई विकास कोहली के नाम कर दी। अब विकास इस संपत्ति की देखरेख करेंगे। विराट कोहली लंबे समय से इंग्लैंड में अपनी पत्नी फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका और बेटा अकाय के साथ रह रहे हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विराट सीधे दिल्ली एयरपोर्ट चले गए। वहां से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना हुए। विराट ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में 19 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज में भारतीय स्क्वॉयड का हिस्सा हैं। उनके साथ रोहित शर्मा की भी वापसी हो रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने अपनी गुरुग्राम की प्रॉपर्टी की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने भाई विकास कोहली के नाम कर दी है। इसके लिए वह आज गुरुग्राम की वजीराबाद तहसील पहुंचे थे, जहां उन्होंने विकास के नाम प्रॉपर्टी से जुड़ी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) रजिस्टर करवाई। इस दौरान विराट ने तहसील कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के साथ फोटो खिंचवाए और उनके अनुरोध पर ऑटोग्राफ भी दिए। इसके बाद वह दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना हो गए। विराट कोहली हाल ही में अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ इंग्लैंड शिफ्ट हुए हैं। इस बदलाव के चलते उन्होंने गुरुग्राम में अपनी प्रॉपर्टी से संबंधित कानूनी जिम्मेदारियां अपने भाई विकास को सौंपने का फैसला किया।
विराट कोहली का गुरुग्राम के डीएलएफ सिटी फेज-1 के ब्लॉक सी में एक लग्जरी घर है। इसे कोहली ने साल 2021 में खरीदा था। इसके अलावा गुरुग्राम में विराट का फ्लैट भी है। इन दोनों प्रॉपर्टी को अब उनके भाई विकास संभालेंगे। विकास को अब विराट की प्रॉपर्टी से संबंधित सभी कानूनी और प्रशासनिक कार्यों को संभालने का अधिकार मिल गया है। इस दौरान विराट कोहली करीब एक घंटे तक तहसील में रहे थे। कर्मचारियों के लिए यह एक रोमांचक क्षण था, क्योंकि उन्हें अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने का मौका मिला।



