file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 जनवरी। गुरुग्राम में पालम विहार थाना क्षेत्र के सेक्टर-22 में सड़क पर गिरने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के बेगूसराय जिले के मालीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय किशन कुमार राय के रूप में हुई है। किशन अशोक विहार फेज-3 में किराए के मकान में रहता था और एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे किशन अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। सेक्टर-22 मार्केट के पास अचानक सामने से आ रही एक स्कूटी को बचाने के लिए उन्होंने जोर से ब्रेक लगाए। तेज रफ्तार के कारण बाइक बेकाबू होकर स्लिप हो गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई।
इस दौरान किशन बाइक से गिर पड़ा और उसका सिर सड़क पर जोरदार टकराया। उसे सिर में गंभीर चोट लग गई। जिसके बाद राहगीरों ने उसे उठा कर अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पालम विहार पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने बताया कि स्कूटी सवार हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन अभी तक स्कूटी चालक का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि यदि स्कूटी चालक सामने आता है तो उसके खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया जाएगा।
मृतक किशन अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके पिता गांव में छोटा-मोटा काम करते हैं, जबकि मां घर संभालती है। छोटे भाई-बहन पढ़ाई कर रहे हैं। किशन पिछले पांच साल से गुरुग्राम में रह रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन गुरुग्राम के लिए चल पड़े हैं।



