
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 11 मार्च। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिकरौना इलाके में कल रात एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर घर की पहली मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
बता दें कि विवाहिता की 26 फरवरी को ही शादी हुई थी, उसके हाथों में रची हुई मेहंदी का रंग अभी छूटा भी नहीं था कि खुशबू ने इतना बड़ा कदम उठाते हुए आत्महत्या कर ली। 19 वर्षीय खुशबू के जेठ पवन कुमार ने बताया कि उसने अपने भाई गौतम कुमार की शादी 13 दिन पहले ही खुशबू से की थी। शादी के बाद से सब कुछ ठीक चल रहा था। खुशबू घर में सभी से मिलजुल कर रह रही थी और बीते कल भी खुशबू ने खाना बनाया और घर के सभी सदस्यों को खाना भी खिलाया था। इसके बाद खुशबू रात को अपने कमरे में सोने के लिए चली गई।
लगभग 11 और 12 के बीच में उसके भाई का फोन आया जिसने कहा कि एक बार खुशबू के कमरे में जाकर देखो खुशबू कुछ कर रही है। इतना सुनने के बाद उनके हाथों फूल गए। पवन ने बताया कि वह खुशबू का जेठ था, इसलिए वह कमरे की ओर सीधा नहीं गया। पहले उसने मां को जगाया और उनके साथ वे खुशबू के कमरे तक गए। जहां पर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि खुशबू पंखे के हुक से गले में चुन्नी बांधकर लटकी हुई थी। जब तक उसे नीचे उतरा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पवन के मुताबिक खुशबू ने मरने से पहले अंतिम कॉल अपनी मां को किया था, उन दोनों में आपस में क्या बात हुई इसके बारे में खुशबू या उसकी मां ही जानती थी।
वहीं, इस मामले में फरीदाबाद के पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सिकरौना पुलिस चौकी में खुशबू के पिता सुरेंद्र पाल की शिकायत पर दहेज प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी द्वारा आत्महत्या करने की शिकायत पर आरोपी पति गौतम कुमार, सास ललिता देवी, नंद सुनीता और नंदोई मिथलेश के खिलाफ दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का मामला दर्ज किया गया है।