
पोस्टमार्टम के दौरान शव पर पाए गए चोटों के कई निशान
लड़की को भगा ले जाने के मामले में जमानत पर था ‘पवन’
शादी करने के लिए लंबे समय से दे रहा था धमकी
फरार पवन की तलाश में पुलिस
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 20 जनवरी। फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में 15 वर्षीय नाबालिग की हत्या कर फरार सनकी आशिक अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। सनकी पवन काफी समय से नाबालिग के पीछे पड़ा था। पवन नाबालिग पर चाकू से तब तक वार करता रहा जब तक वह मर नहीं गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का निवासी है। पवन पहले भी युवती को भगा कर ले जाने के मामले में गिरफ्तार हुआ था। सितंबर में जमानत मिलने के बाद वह अपने गांव चला गया था। कुछ समय पहले ही वह फरीदाबाद लौटा था।
मृतका के पड़ोसी अभिषेक ने बताया कि लड़की के गले और चेहरे पर चाकू के निशान बताए जा रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि दो बहनों और एक भाई में मृतका सबसे बड़ी थी। घटना की एक नाबालिग बच्ची चश्मदीद गवाह है जिसने घटना के बारे में जानकारी दी। मृतका की पहचान खुशनुमा उर्फ बिल्ली पुत्री अंसार के रूप में हुई है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार पवन पिछले लंबे समय से बच्ची के पीछे पड़ा हुआ था और उसपर शादी करने का दबाव बना रहा था।
पवन के खिलाफ खुशनुमा और उसकी मां ने एक मामला दर्ज करवा रखा था। पवन लंबे समय से खुशनुमा को जान से मारने की धमकी दे रहा था और उसने शनिवार को हत्या की वारदात को अंजाम दिया।