Biklul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 23 मार्च। हरियाणा के जिले फरीदाबाद में अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स, टेस्ला और बिटक्वाइन में निवेश के नाम पर साइबर ठगों ने मांगर गांव में रहने वाले सेवानिवृत्त कैप्टन से 72.16 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने जनवरी 2024 में एलन मस्क, उनकी मां और मैनेजर बनकर एक्स के माध्यम से कैप्टन से संपर्क किया था। बाद में व्हाट्सएप ग्रुप पर बात आगे बढ़ी। ठगों ने कंपनियों के शेयर में निवेश के नाम पर और रिफंड चार्ज के नाम पर यह पूरी ठगी की। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ठगी का शिकार सेवानिवृत्त कैप्टन शक्ति स्वरूप लुंबा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका एक्स पर अकाउंट है। एक्स पर ही एना शेरमन के नाम से एक अकाउंट था और जब उनसे संपर्क किया तो उसने अपने आपको अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क की कंपनी का मैनेजर बताया। बाद में उनसे राहुल सरकार, शोएन हबीब मोला, केशब राय, परीमल, दीपक चक्रवर्ती, विक्रमजीत सिंह, मुकेश कुमार ने भी संपर्क किया था। पीड़ित कप्तान ने बताया कि एक्स पर ही एक और अकाउंट मेई मस्क का था। जनवरी 2024 में इन दोनों ने एक्स पर आकर उसे फॉलो किया था। एक्स पर मेई मस्क ने खुद को एलन मस्क की मां बताया था। बातचीत के दौरान अंतरिक्ष से सुनीता विलियम्स के वापस लाने में एलन मस्क की भूमिका को लेकर सेवानिवृत्त कैप्टन ने उनकी खूब तारीफ की। ठगों नेएलन मस्क से मुलाकात कराने का झांसा भी दिया था।
मैनेजर एना शेरमन ने कैप्टन से कहा कि यदि स्पेसएक्स व टेस्ला कंपनी में निवेश करें तो वह एलन मस्क से उनकी मुलाकात करा सकती है। साथ ही उसने एक नंबर भी साझा किया और कहा कि यह नंबर एलन मस्क का है। कैप्टन की उसी नंबर के व्हाट्सएप पर मैसेज से बात होने लगी। इस दौरान कैप्टन को मस्क की कंपनी में निवेश करने का ऑफर दिया गया और उन्होंने बताया कि आपके रुपये स्पेसएक्स व टेस्ला शेयर में लगाए जाएंगे। वह ठगों की बातों में आ गए और पैसे निवेश करने शुरू कर दिए। इसी कड़ी में सबसे पहले 25 जनवरी 2024 को कोटेक महिंद्रा बैंक के खाते में 2.91 लाख रुपये जमा कराए गए। बाद में समय-समय पर बताते रहे कि आपकी इन कंपनी के शेयर में निवेश की गई राशि बढ़ रही है। इस तरह आरोपी लगातार उससे पैसे निवेश करा रहे थे, तब कैप्टन ने अपने निवेश किए गए रुपये वापस मांगे तो उन्हें बताया गया कि कंपनी के खाते फ्रीज हो गए हैं। एलन मस्क खुद भारत आने वाले हैं और वह आपका रुपये आपके हवाले कर देंगे।
पीड़ित कप्तान ने बताया कि अपनी बचत राशि के साथ ही दोस्तों व परिवार से भी उधार लेकर निवेश किया था। क्रेडिट कार्ड की लिमिट भी लेकर निवेश कर दी। इस तरह आरोपियों ने तरह-तरह के बहाने बनाकर उससे 72 लाख 16 हजार 956 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित कैप्टन ने अपने वकील के माध्यम से पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है जिस पर साइबर क्राइम पुलिस कार्यवाही कर रही है। उनका कहना है कि सारा पैसा इंडिया के अकाउंट में ही डाला गया था और उन्हें उम्मीद है साइबर क्राइम पुलिस इस मामले में जरूर रिकवरी करेगी।




