
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने विधिवत रूप से जिला अध्यक्ष त्यागी को कराया पदभार ग्रहण
हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना कार्यकर्ताओं की मेहनत का कमालः राव नरबीर
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 मार्च। भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने रविवार को जिला अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सर्वप्रिय त्यागी को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कराया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी समेत तमाम भाजपा नेताओं का जबरदस्त स्वागत किया।
समारोह में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने शहीदी दिवस पर पुष्प अर्पित कर महानायकों को याद किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हमारे शहीद देश का गौरव है। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की शहादत की वजह से ही आज देश आजाद है। उन्होंने कहा कि शहीदों का कर्ज कभी चुकाया नहीं जा सकता।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत ही हमने तीसरी बार सरकार बनाई है। बड़ौली ने कहा कि सर्वप्रिय त्यागी को जिला अध्यक्ष का जो दायित्व मिला है वह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता का परिणाम है कि नगर निकाय चुनाव में हमने जीत हासिल की और प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी। उन्होंने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी को नए दायित्व की बधाई भी दी।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि 2014 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। इन 10 सालों में भाजपा का संगठन लगातार मजबूत होता गया। संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही कमाल है कि तीसरी बार भी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि गुरुग्राम जिले का विकास कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सड़कें, सीवर की जो समस्याएं हैं उनका दो से तीन महीनों में समाधान हो जाएगा।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि विधानसभा और नगर निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से जो वादे किए हैं उन सभी वादों को इस पंचवर्षीय योजना में पूरा करा दिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी बड़ी अहम होती है। उन्होंने कहा जिला अध्यक्ष निष्पक्षता से काम करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम करें।
सर्वप्रिय त्यागी ने जिला अध्यक्ष पदभार ग्रहण समारोह में पहुंचे बड़ौली, राव नरबीर सिंह समेत सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी देकर मेरे ऊपर विश्वास जताया है उस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। त्यागी ने कहा कि हम जिस पार्टी और संगठन में काम करते हैं यह विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का काम करेंगे।
इस मौके पर प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक मुकेश शर्मा, नवनियुक्त मेयर राजरानी मल्होत्रा, जिला प्रभारी संदीप जोशी, मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, ज़िला महामंत्री रामबीर भाटी, पूर्व मंत्री संजय सिंह, बोधराज सीकरी, महेश चौहान, हरविंदर कोहली, सैलेंद्र पांडेय, सुंदर लाल यादव, सतीश नागर, दिनेश शर्मा, ओमप्रकाश, प्रदीप गुर्जर, अजीत यादव, जयवीर यादव, जिला मीडिया प्रभारी पवन यादव, मनीष सैदपुर, हितेष भाऱद्वाज, सुनील पहलवान व सभी मंडल अध्यक्षों, मोर्चे के अध्यक्षों, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारियों, कार्यकारणी सदस्यों एवं गुरुग्राम की समस्त जनता जनार्दन ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी को बधाई और शुभकामना दी।