Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 31 मार्च। गुरुग्राम में एक कैदी रात अपनी पत्नी के साथ बिता रहा था और सुबह होते ही अस्पताल लौट आता था। पुलिस के आला अधिकारियों को जब इसकी भनक लगी तो हड़कंप मच गया। कैदी को तुरंत उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस कांड में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब अपराध शाखा के एक पुलिसकर्मी को इस पूरी साजिश की जानकारी मिली। 24 मार्च को कैदी रोहित को रंगे हाथ उसके घर से गिरफ्तार किया गया, जब वह अपनी पत्नी के साथ मौजूद था।
बताया जा रहा है कि रोहित भौंडसी जेल में बंद था और इलाज का बहाना करके पुलिस गार्द के साथ सेक्टर 10 सिविल अस्पताल आया था। यहां पुलिसकर्मियों से सेटिंग करके अपनी पत्नी के पास घर चला गया। वह लगातार चार रात अपने घर में पत्नी के साथ बिता चुका था। लेकिन मामला बड़े अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
यह घटना 20 मार्च की है, लेकिन मामले की जांच के बाद पुलिस ने अब तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। वजीरपुर के रहने वाले रोहित पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में 11 संगीन मामले दर्ज हैं।
रोहित विचाराधीन कैदी है और वो इलाज के बहाने सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल में भर्ती हुआ था, लेकिन इलाज करवाने के बजाय वह तीन पुलिसकर्मियों की मदद से हर रात अपने वजीरपुर स्थित घर चला जाता और सुबह होने से पहले फिर से लौट आता।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रोहित जब अपने घर जाता, तो अस्पताल में तैनात कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ पार्टी किया करते थे। इस गड़बड़ी की खबर अस्पताल के एक कर्मचारी को लगी तो उसने अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है। कैदी की इस साजिश में शामिल हेड कॉन्स्टेबल पवन और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र व मोहित को गुरुग्राम पुलिस ने निलंबित कर दिया है। इनके खिलाफ सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।