
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 22 अप्रैल। रामलीला मंचन के दौरान भाई की हुई हत्या का बदला लेने के लिए एक युवक को कल देररात गोली मार दी गई। घायल युवक को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक हत्यारोपी का भाई है और गोली चलाने वाला मृतक का भाई। हत्या लगभग छह महीने पहले भीम नगर दशहरा ग्राउंड में हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भीम नगर निवासी नंदलाल का पुत्र 40 वर्षीय अमित अपने पिता से मिलने घर आया था। इस दौरान सूरज भी पास में ही मौजूद था। सूरज के भाई की छह महीने पहले हत्या कर दी गई थी। जिसका आरोप सूरज के भाई पर था। जिसको लेकर सूरज मन ही मन उनसे रंजिश पाले हुए था। देररात सूरज ने अमित को देख गोली चला दी। गोली अमित के हाथ में लगी। अमित को तुरंत मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, सिटी थाना प्रभारी राजकरण का कहना है कि वारदात को अंजाम तो रंजिश में ही दिया गया है, लेकिन अभी यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि वारदात के पीछे असल कारण क्या हैं। पुलिस के अनुसार सूरज द्वारा पहले भी हवाई फायर करने की बात सामने आई थी।