
file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 22 अप्रैल। गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली से रोजाना आकर नशे की तस्करी करने वाली एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से नशीला पदार्थ भी बरामद किया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला किस वीजा पर भारत आई थी और वह कब से नशा तस्करी कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-53 थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उसके थानाक्षेत्र में एक नाइजीरियन महिला नशा तस्करी का कार्य कर रही है और वह रोजाना दिल्ली से गुरुग्राम आती है। सूचना मिलने के बाद एक पुलिस टीम तैयार की गई। टीम में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ एक सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल था। टीम ने आज सुबह करीब पौने चार बजे एक नाइजीरियन महिला को सूचना के आधार पर सेक्टर-53 की पारस बिल्डटेक बिल्डिंग सेक्टर-54 के पास से काबू किया।
राजपत्रित अधिकारी के समक्ष नाइजीरियन महिला की नियमानुसार जांच की गई जिसके पास से नशीला पदार्थ एमडीएमए बरामद किया गया। महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार महिला के पास से फिलहाल कोई पासपोर्ट बरामद नहीं हुआ है। आरोपी महिला दिल्ली के महरौली क्षेत्र में रहती है।