
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 मई। गुरुग्राम में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक पर उसके पिता और सौतले भाई ने 10-12 लोगों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। युवक को बचाने की कोशिश करने पर उसकी पत्नी व दोस्त की भी बेरहमी से पिटाई की गई। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसकी फुटेज पुलिस को दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात कासन गांव की है। आरोपी ने दूसरी शादी कर रखी है। उसकी पहली पत्नी और बेटा विनोद कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है। विनोद पेशे से टैक्सी चालक है। वहीं, आरोपी अपनी दूसरी पत्नी और उसके बच्चों के साथ रहता है। दोनों परिवारों के बीच आए दिन संपत्ति को लेकर विवाद होता रहता है। पिता अपने जायज बेटे से आए दिन संपत्ति अपने नाम करने की धमकी देता रहता है। शुक्रवार रात को विनोद को पिता अपने सौतले बेटे और 10-12 लोगों के साथ अचानक उसके घर पर पहुंचा और उसपर जानलेवा हमला कर दिया। हमले की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमले में विनोद के सिर, कमर और पैर में गहरी चोट आई हैं।
विनोद के अनुसार पिता और उसका सौतेला भाई उसे बुरी तरह से पिटने के बाद अधमरी हालत में छोड़कर चले गए। बीचबचाव करने पर उसकी पत्नी और उसके दोस्त को भी बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों के जाने के बाद ग्रामीणों ने उनको अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, विनोद की पत्नी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उसके ससुर और सौतेले देवर ने उनके साथ मारपीट की हो। इससे पहले भी कई बार उनके साथ हिंसा की गई है और इसकी शिकायत पुलिस को की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने बताया कि उसका ससुर दूसरी शादी के बाद से लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा है और संपत्ति अपने नाम करने की मांग कर रहा है। उन्होंने धमकी दी है कि यदि संपत्ति उनके नाम नहीं की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। जिसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई है।