
ग्रेटर फरीदाबाद का मामला
सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें
गंभीर रूप से घायल हुआ कर्मचारी
निजी अस्पताल में भर्ती कराया
Bilkul Sateek News
ग्रेटर फरीदाबाद, 10 फरवरी। ग्रेटर फरीदाबाद के व्हाइट हाउस में स्थित एप्पल स्टोर में कल देर शाम जिम संचालक ने गुंडागर्दी की। जिम संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वहां के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट में बुरी तरह से घायल एक कर्मचारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एप्पल स्टोर के कर्मचारी जसवंत सिंह राठौड़ निवासी भारत खोलनी के मुताबिक वह कल देर शाम एप्पल स्टोर में मौजूद था। तभी राका नामक युवक आया। राका ग्रीन फील्ड इलाके में जिम चलता है। राका कई बार उनके स्टोर में आता जाता है। राका कल मोबाइल से डाटा ट्रांसफर कराने के लिए स्टोर में आया था। राका से जब बिल और 1500 रुपये मांगे तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद उसकी राका से बहस शुरू हो गई। इसी बहस में राका ने उसके ऊपर हमला कर दिया। इतना ही नहीं राका के साथ आए अन्य युवकों ने भी उसको लात-घूंसे मारे और जमकर मारपीट की। जिससे उसे काफी गंभीर चोटें आई। बाद में अन्य कर्मचारियों ने बीचबचाव किया।
जसवंत सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी डायल 112 पर भी कई गई। पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। तभी वहां पर राका और उसके अन्य साथी भी आ गए और उसका वहां इलाज भी नहीं होने दिया। अपने ऊपर दोबारा हमले के डर से वह एक निजी अस्पताल में पहुंचा, जहां पर उसे इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर बेगराज ने बताया कि उनके बेटे की हालत काफी गंभीर है। उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बेगराज के अनुसार इस घटना के बाद उन्होंने भी पुलिस को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने ना तो उनके बेटे का मेडिकल कराने में मदद की और ना ही अभी तक उनके बेटे के बयान दर्ज किए गए हैं। वह चाहते हैं कि उनके बेटे पर हमला करने वाले जिम संचालक और उसके अन्य साथियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।