Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 अक्टूबर। गुरुग्राम में आज शाम एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। युवक के पेट में गोली लगी है। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर है। बताया जा रहा है युवक के चचेरे भाई की इसी साल जनवरी में हत्या की गई थी। पुलिस ने युवक पर गोली चलाने वाले आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि वारदात रवि नगर में आज शाम करीब 5 बजकर 20 मिनट पर हुई। बदमाशों ने प्रशांत पराशर (उम्र-21 वर्ष) निवासी विपरावली जिला आगरा उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी देवीलाल कॉलोनी गुरुग्राम को गोली मार दी। गोली प्रशांत के पेट में लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के अनुसार जिसकी हालत अभी स्थिर है।
गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गोली मारने के आरोप में शुभम पुत्र मनोज निवासी रवि नगर गुरुग्राम उम्र करीब 24 साल को घटना के बाद मात्र कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि इसी साल जनवरी में प्रशांत के चचेरे भाई पर्व की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पर्व के हत्यारोपियों ने प्रशांत पर भी गोलियां चलाई है। प्रशांत पाराशर शाम को वह घर के बाहर था। अचानक दो-तीन बदमाश आए और उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराहट में घरों में घुस गए। प्रशांत को पेट में एक गोली लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। हमलावर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन घटनास्थल पर खाली कारतूस बिखरे मिले। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को कॉल किया। परिजनों का कहना है कि हमलावरों का संबंध उसी गैंग से है, जो पर्व की हत्या में शामिल था। यह बदले की कार्रवाई लगती है। प्रशांत को चेतावनी देने के लिए निशाना बनाया गया है। दो बाइकों पर सवार होकर आए हमलावर
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि दो बाइकों पर सवार होकर चार से पांच हमलावर आए थे। उन्होंने पहले प्रशांत को किडनैप करने का प्रयास किया, लेकिन उसने विरोध कर दिया। जिसके बाद हमलावरों ने फायरिंग कर दी।



