Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 अक्टूबर। गुरुग्राम पुलिस ने शादी करने से मना करने पर अपनी 25 वर्षीय दोस्त पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में कथित प्रेमी को हथियार उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस थाना उद्योग विहार क्षेत्र में 23 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर निजी कंपनी में काम करने वाली 25 वर्षीय शिवांगी को उसके कथित प्रेमी विपिन ने गोली मारी थी, जो उसके बाएं कंधे पर लगी थी। इस दौरान शिवांगी अपने काम पर जाने की तैयारी कर रही थी और विपिन पिछले दो साल से दोस्ती का वास्ता देकर उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा था। पुलिस ने उसी दिन 33 वर्षीय विपिन निवासी दिलशादपुर तेजी बाजार जिला जौनपुर (उत्तर-प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया था। शिवांगी भी जौनपुर की रहने वाली है। पेशे चालक विपिन एक निजी कंपनी में काम का करता है और जब उसने शिवांगी से शादी की बात की थी तब से शिवांगी ने उससे बात करनी बंद कर दी थी। जिसके बाद उसने गुस्से में आकर शिवांगी पर गोली चला दी।
पुलिस ने 25 अक्टूबर को विपिन को अवैध हथियार दिलवाने के आरोप में कैलाश नाथ (उम्र-50 वर्ष) निवासी गौराखुर्द जिला जौनपुर (उत्तर-प्रदेश) को गौराखुर्द से गिरफ्तार किया था।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि कैलाश ने विपिन को अवैध देशी कट्टा 13 हजार रुपये में बेचा था।
पुलिस द्वारा कैलाश नाथ को कल अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




