Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने फ्लिपकार्ट की डिलीवरी गाड़ी से मोबाइल समेत लाखों को सामान चुराने के मामले में गाड़ी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने भाई के नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक की नौकरी कर रहा था। पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपियों से कुल 12 मोबाइल और 1 टेबलेट भी बरामद कर चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24.09.2025 को कृष्ण कुमार केडी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने पुलिस थाना बिलासपुर को एक लिखित शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया कि 15.09.2024 को उसकी कंपनी की एक गाड़ी फ्लिपकार्ट कंपनी पथरेड़ी गुरुग्राम से माल भरकर सहारनपुर (उत्तर-प्रदेश) माल डिलीवर करने के लिए चली थी। जिसका चालक करण निवासी गांव शहजादपुर जिला मैनपुरी (उत्तर-प्रदेश) था। गाड़ी 16.08.2025 को दोपहर 1 बजे सहारनपुर फ्लिपकार्ट हब पहुंची। सहारनपुर फ्लिपकार्ट हब के स्टॉफ ने बताया कि गाड़ी से लाखों रुपये के मोबाइल और अन्य सामान शॉर्ट मिला है। 16.09.2025 को लगभग 9 बजे करण गाड़ी को फ्लिपकार्ट कंपनी पथरेड़ी खड़ा करके चला गया। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने इस चोरी में करण का हाथ होने का शक जताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अपराध शाखा मानेसर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 1 आरोपी को कल याकूपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सचिन (उम्र-22 वर्ष) निवासी गांव शहजादपुर जिला मैनपुरी (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई। सचिन को आज अदालत में पेश करके 4 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड लिया गया।
आरोपी से पुलिस हिरासत रिमांड व पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उसने अपने भाई करण के ड्राइविंग लाइसेंस में अपनी फोटो एडिट करके उसी के नाम से ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। सचिन ने बताया कि उसने अपने जीतू व एक अन्य साथी के साथ मिलकर गाड़ी में भरे सामान की पैकिंग की सील को खोलकर उसमें रखा एक मोबाइल बॉक्स और अन्य सामान के बॉक्स को निकाल लिया। इसके बाद सील को वापस चिपकाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जीतू ने सोहेल को मोबाइल व टैबलेट बेचे थे। पुलिस इस मामले में अब तक सचिन और उसके साथी जीतू व सोहेल समेत कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।




