Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 1 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने केंद्रीय विद्यालय के एक प्राचार्य पर जानलेवा हमला करने के मामले में 1 नाबालिग सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण: 29.12.2025 को प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-14 ने पुलिस थाना सेक्टर-14 में एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 29.12.2025 को दोपहर के समय विद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर कुछ बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के साथ झगड़ा व मारपीट की गई। शाम करीब 4 बजकर 25 मिनट पर जब वह स्कूल से निकल रहा था, तभी मुख्य द्वार के बाहर पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी गाड़ी को रुकने का इशारा करते हुए उसपर डंडों से अचानक हमला कर दिया। हमलावरों द्वारा किए गए ताबड़तोड़ प्रहार से गाड़ी का आगे का शीशा टूट गया, जिसके कांच के टुकड़े उसके (प्राचार्य) चेहरे व आँखों पर लगे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वह (प्राचार्य) गाड़ी को छोड़कर विद्यालय परिसर में वापस आ गया। इस हमले में विद्यालय का एक सुरक्षाकर्मी भी उन अज्ञात लड़कों द्वारा डंडों से किए गए वार से घायल हो गया।
पुलिस कार्रवाई: प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 नाबालिग सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुंदर (उम्र-37 वर्ष) निवासी गांव भगवतीपुर लाखनमाजरा रोहतक (वर्तमान निवासी राजीव नगर, गुरुग्राम) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपियों को 31.12.2025 को गुरुग्राम से काबू किया गया।
पूछताछ में खुलासा: आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि सुंदर ऑनलाइन टेलीविजन बेचने व रिपेयरिंग करने का कार्य करता है। वह अपने भाई के साथ राजीव नगर में रहता है। आरोपी ने बताया कि उसका भतीज सेक्टर-14 केंद्रीय विद्यालय में पढ़ता है। उसके भतीजे का किसी बात को लेकर सहपाठियों से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते उसने (आरोपी सुंदर) अपने एक अन्य भतीजे तथा उसके दोस्तों के साथ मिलकर उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया।
आगामी कार्रवाई: गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अभियोग में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है। मामले की जांच जारी है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।




