Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 1 जनवरी। गुरुग्राम में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतारने के लिए उसके चेहरे पर बेरहमी से तेज धारदार हथियार से वार किए। दोनों का प्रेम विवाह हुआ था और 2017 में दोनों को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को प्रेमी समेत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के पास से वारदात में प्रयोग किया गया कुल्हाड़ी नुमा हथियार और स्कूटी भी बरामद की है।
अभियोग का संक्षिप्त विवरण: 30.12.2025 को पुलिस थाना सेक्टर-7, IMT मानेसर को सूचना प्राप्त हुई कि गांव खोह, VPS स्कूल के पास एक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, परंतु घायल वहां नहीं मिला। तत्पश्चात ERV के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई कि घायल को ESIC हॉस्पिटल, सेक्टर-3, मानेसर में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायल की MLC प्राप्त की गई, जहां डॉक्टर द्वारा घायल को ESIC हॉस्पिटल, फरीदाबाद रेफर किया गया। 31.12.2025 को पुलिस फरीदाबाद पहुंची, जहां डॉक्टर द्वारा घायल को ब्यान देने के लिए फिट घोषित किया गया। पीड़ित की भाभी ने पीड़ित की तरफ से एक लिखित शिकायत पुलिस को दी। जिसमें पीड़ित शिव शंकर निवासी गांव लतीफपुर जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वह मानेसर में स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। वह गांव खोह में अपनी पत्नी पूनम के साथ किराए पर रहता है। वर्ष 2012 में दोनों (पीड़ित और इसकी पत्नी) एक ही कंपनी में कार्य करते थे, जहां इनका परिचय बढ़ा और बाद में इन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। वर्ष 2017 में उनके एक पुत्र भी हुआ। उसको बाद में ज्ञात हुआ कि पूनम का उसकी कंपनी में कार्यरत मनखुश उर्फ मिंटू से संपर्क है। इस बात को लेकर इनके बीच आए दिन झगड़े भी होते थे। 30.12.2025 को पूनम ने उसको झरना मंदिर दर्शन के बहाने बुलाया। जब मंदिर दर्शन के बाद वे (पति-पत्नी) वापस लौट रहे थे, तो VPS स्कूल के पास एक व्यक्ति ने स्कूटी को धक्का मार दिया, जिससे वे दोनों गिर पड़े। इसी दौरान मनखुश उर्फ मिंटू ने पीछे से उसको पकड़ लिया और तभी पूनम ने तेजधार हथियार से इसके चेहरे पर कई वार किए और उसको अधमरा छोड़कर स्कूटी पर सवार होकर चले गए।
पुलिस कार्रवाई: प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-7, IMT मानेसर में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास की इस वारदात में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस द्वारा 31.12.2025 को आरोपी मनखुश उर्फ मिंटू (उम्र-25 वर्ष) निवासी गांव भल्ला बाजार जिला खगड़िया (बिहार) को गांव कासन से और पूनम (उम्र-44 वर्ष) निवासी गांव लतीफपुर जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) को 01.01.2026 को मानेसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा: आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि पूनम व मनखुश पिछले 6 महीने से प्रेम प्रसंग में थे। इस संबंध की जानकारी पूनम के पति को हो जाने के कारण घरेलू विवाद बढ़ गया था। इसी रंजिश के चलते दोनों (आरोपी मनखुश व पूनम) ने साजिश रच कर पीड़ित की हत्या करने के इरादे से उपरोक्त वारदात को अंजाम दिया।



