Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 1 जनवरी। गुरुग्राम में नववर्ष की पूर्व संध्या पर गाड़ी टच होने पर नशे में धुत एक युवक ने चार युवकों पर रिवॉल्वर तान दी और धमकी देते हुए कहा, देखो इसमें 4 गोलियां है अगर ज्यादा बोले तो चारों को मार दूंगा। पुलिस के पहुंचने पर युवक ने कार समेत भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने युवक को उसके दोस्त के साथ मौके से ही दबोच लिया। पुलिस ने दोनों के पास से 1 कार, 1 रिवॉल्वर और 4 कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31.12.2025/ 01.01.2026 की रात को पुलिस थाना डीएलएफ फेज-2 को कंट्रोल रूम से सूचना शंकर चौक के सामने एक व्यक्ति द्वारा असला दिखाकर धमकी देने के संबंध में प्राप्त हुई।
पुलिस तुरंत घटनास्थल मैन गेट साइबर हब पहुंची। पुलिस ने वहां से भाग रहे एक युवक को कार समेत काबू किया। वहीं, पीड़ित व्यक्ति ने एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में दिल्ली से साइबर हब के लिए न्यू ईयर सेलिब्रेट करने गए थे। वहां एक लड़के ने इनके साइड मिरर पर हाथ मारा और उस युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसे रिवॉल्वर निकालकर कहा, देखो इसमें 4 गोलियां है अगर ज्यादा बोले तो चारों को मार दूंगा। तब उसके दोस्तों ने उस लड़के को रिवॉल्वर सहित पकड़ लिया और उसने पुलिस को कॉल कर दिया। वह लड़का पुलिस को आते देख उसके दोस्तों को लात मारकर भाग गया। प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना डीएलएफ फेज-2 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल से काबू करने में सफलता हासिल की। आरोपियों की पहचान सोनू (उम्र-21 वर्ष, शिक्षा-एलएलबी) निवासी गांव लिसाड़ जिला शामली (उत्तर-प्रदेश) और अभिषेक (उम्र-24 वर्ष) निवासी नया गगन विहार जिला शामली (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि शिकायतकर्ता की गाड़ी सोनू उक्त को टच हो गई। जिसके चलते आरोपी ने नशे की हालत में तैश में आकर रिवॉल्वर निकालकर उपरोक्त वारदात को अंजाम दिया। यह रिवॉल्वर अभिषेक के पिता का लाइसेंसी रिवॉल्वर था जिसे भी बिना बताए लेकर आया था।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को आज अभियोग में शामिल अनुसंधान किया गया। अभियोग का अनुसंधान जारी है।



