Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने खेड़की दौला टोल के पास दिल्ली के एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मार कर हत्या करने के मामले में उसके एक साथी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा मानेसर प्रभारी मनोज कुमार ने मामले में गहनता से जांच करते हुए हत्या की वारदात में संलिप्त 1 आरोपी को आज दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लोकेश (उम्र-21 वर्ष, शिक्षा-12वीं), निवासी पटपड़गंज, दिल्ली के रूप में हुई है।
खेड़की दौला टोल टैक्स के पास दिल्ली के हिस्ट्रीशीटर को गोली से उड़ाया! 2 लॉडेड पिस्टल बरामद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने दिल्ली के छतरपुर निवासी मनोज ओझा (उम्र-34 वर्ष) की हत्या के बाद उसके भाई की शिकायत पर मामल दर्ज किया। शिकायत में मनोज के भाई ने बताया कि उसे 13.01.2026 को करीब 04:48 PM पर मनोज के व्हाट्सएप नंबर से एक वॉयस रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया था कि तनिष उसको गोली मार दी है। जब मनोज को कॉल किया तो एम्बुलेंस चालक ने बताया कि वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है और उसे मेदांता अस्पताल ले जाया जा रहा है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी से की गई प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि लोकेश दिल्ली में टैक्सी चालक है और उसने अपने एक अन्य साथी तनिष के साथ मिलकर मनोज ओझा के साथ हिसार में किसी व्यक्ति की हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने हत्या करने की वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी भी की, परंतु वे हत्या की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। 13.01.2026 को हिसार से दिल्ली लौटते समय मानेसर के पास मनोज ओझा के साथ तनिष और लोकेश की कहासुनी हो गई थी। जिसके चलते तनिष ने गाड़ी में रखे 3 अवैध हथियारों में से अपने पास पहले से रखे 1 हथियार से खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास मनोज ओझा को गोली मार दी। उसके बाद वे दोनों वहां से फरार हो गए।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ करके वारदात में प्रयोग हथियारों की बरामदगी तथा अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।



