file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 में बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी से दबकर 20 वर्षीय मजदूर की मौत के मामले में आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। ठेकेदार गैर समय में बिना सुरक्षा उपकरणों के ही खुदाई का काम करा रहा था।
हादसा ई ब्लॉक प्लॉट नंबर -26 सेक्टर 56 में हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मिट्टी को खोदना शुरू किया। मिट्टी के नीचे 2 मजदूरों को निकाला गया। पुलिस को एक और के दबे होने की जानकारी मिली। पुलिस द्वारा मिट्टी को और खोदना शुरू किया गया। जिसके बाद वहां से 1 और को बाहर निकाला गया। इसके तीनों को एम्बुलेंस की सहायता से मरीनगो हॉस्पिटल सेक्टर-56 में भर्ती करवाया गया। जहां बादल की हालत ज्यादा खराब होने के कारण सिविल हॉस्पिटल सेक्टर-10 ले जाया गया। जहां गोविंद व रोशन को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, डॉक्टर ने 20 वर्षीय बादल को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस द्वारा मृतक बादल के शव को मोर्चरी गुरुग्राम में भिजवाया गया।
हॉस्पिटल में मौजूद घटना में पीड़ित गोविंद ने पुलिस को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करते है। 29.12.2025 को ठेकेदार शिवपुकार निवासी गांव बोलिया पांडे जिला देवरिया (उत्तर-प्रदेश) उसे उसके भाई रोशन व उसके गांव के ही लड़के उदय, सागर व बादल को लेकर सेक्टर-56 में बेसमेंट की खुदाई के काम के लिए लेकर गया था। वहां उन्होंने 5.30 बजे तक मिट्टी खोदने व निकालने का काम किया। तब ठेकदार शिवपुकार गिरी आया और बोला 2 घंटे एक्सट्रा काम करो और रुपये मिल जाएंगे। तब उसने कहा कि अंधेरा हो चुका है, मिट्टी गिर जाएगी। परंतु ठेकेदार नहीं माना और बोला कोई दिक्कत नहीं होगी और उन्हें जबरदस्ती काम पर लगाए रखा।
जब वे काम कर रहे थे तब मिट्टी ढह गई और उसके नीचे वे दब गए। वह और उसका भाई किसी तरह निकले परंतु उदय, सागर व बादल दब गए। जिनको लोगों की मदद से निकाला गया। लेकिन बादल (उम्र-20 वर्ष) निवासी गांव गाजीपुर जिला मुंगेर (बिहार) नहीं मिला। जिसको पुलिस द्वारा निकाला गया व हॉस्पिटल में ले जाया गया। जहां बादल को मृत घोषित कर दिया गया।
ठेकेदार द्वारा गैर समय में व बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करवाने व लापरवाही की वजह से बादल की मृत्यु हुई है। प्राप्त शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में आरोपी ठेकेदार को आज गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान शिवपुकार गिरी (उम्र-46 वर्ष ) निवासी गांव बोलिया पांडे जिला देवरिया (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि वह गुरुग्राम में कंस्ट्रक्शन के ठेके लेता है। कल वह मजदूरों को बेसमेंट की खुदाई के लिए लेकर आया था। उसके द्वारा मजदूरों से जबरदस्ती अंधेरे में और बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करवाने के चलते मजदूर बादल की मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा आरोपी को आज अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अभियोग में आगामी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




