file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 5 नवंबर। गुरुग्राम में शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में एक युवक ने दूसरे युवक के सिर को दीवार पर दे मारा। जिसमें युवक बुरी तरह से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान बदायूं (उत्तर प्रदेश) के नरसुलापुर निवासी रोहताश (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह भांगरौला गांव निवासी एक व्यक्ति के पास ड्राइवर की नौकरी करता था। जबकि आरोपी की पहचान सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के जयनगर निवासी राजेश दूबे के रूप में हुई है। वह भांगरौला गांव में एक डेयरी पर काम करता है।
रोहताश और राजेश दूबे भांगरौला गांव में दो सगे भाइयों के पास नौकरी करते थे और आसपास ही रहते थे। उनके बीच अच्छी पहचान भी और अक्सर साथ बैठकर शराब पार्टी करते थे।
रविवार रात करीब 10 बजे दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों में झगड़ा हो गया। राजेश दूबे ने रोहताश के साथ मारपीट की और इसी दौरान रोहताश का सिर दीवार से टकरा गया। इससे उसके सिर से काफी खून निकल गया। उसको उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
सोमवार को रोहताश की दोबारा तबीयत बिगड़ गई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि अस्पताल से जानकारी पाकर खेड़की दौला थाने की पुलिस अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने आरोपी राजेश दूबे को गिरफ्तार कर लिया।



