Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 दिसंबर। गुरुग्राम में एक रेप पीड़िता स्कूली छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। नाबालिग छात्रा और नवजात दोनों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने रेप आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शादीशुदा है और उसने नाबालिग छात्रा से कई बार जबरदस्ती की थी। सेक्टर 10 थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी उसी इलाके में रहता था और उसने दिसंबर 2024 से इस साल मार्च के बीच कई बार लड़की के साथ रेप किया। नाबालिग दसवीं क्लास की स्टूडेंट है। आरोपी ने लड़की को धमकी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। जिससे वह बहुत डर गई और उसने अपने माता-पिता या किसी और को कुछ नहीं बताया।
आरोपी शादीशुदा है और कादीपुर इलाके में किराए पर रहता है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। इस साल फरवरी में किराए का मकान खाली करने के बाद वह इलाके से फरार हो गया था। मंगलवार को लड़की की डिलीवरी होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और बृहस्पतिवार को आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। जिसे शुक्रवार को अदालत ने जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार राजेश ने दिसंबर 2024 से लेकर इस साल मार्च तक कई बार लड़की को डरा धमका कर उसका रेप किया। पुलिस के अनुसार प्रसव पीड़ा शुरू होने तक न तो उसके माता-पिता और न ही लड़की को उसकी गर्भावस्था के बारे में पता था। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम जांच के लिए अस्पताल भेजी गई। जिसके बाद यह मामला खुला।
अपने प्रेग्नेंट होने से अनजान लड़की नियमित रूप से स्कूल जाती रही। पीड़िता और उसके माता-पिता को आखिरी क्षण तक यह बिल्कुल पता नहीं था कि वह प्रेग्नेंट है। जब उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो उन्हें पता चला।
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप के मुताबिक पीड़िता को अभी अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है। छुट्टी मिलने के बाद बाल कल्याण समिति द्वारा उसे और उसके माता-पिता की काउंसलिंग की जाएगी। साथ ही मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज किया जाएगा। मुकदमे की सुनवाई के दौरान बच्चे का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। ताकि आरोपी पिता के बारे में पुष्टि हो सके। कानून के अनुसार पीड़ित को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।



