फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में रोडवेज का एक क्लर्क के रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। आरोपी क्लर्क ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कंडक्टर की भर्ती के बदले 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) फतेहाबाद की टीम ने आरोपी को 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी क्लर्क सुनील कुमार ने फतेहाबाद की राजीव कॉलोनी निवासी विनोद से कंडक्टर की नौकरी दिलाने के बदले 35 हजार रुपये की मांग की थी। विनोद ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को कर दी और जब विनोद 20 हजार रुपये लेकर क्लर्क सुनील के पास पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। शेष 15 हजार रुपये बाद में देने की बात तय हुई थी।
हिसार एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि विनोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि क्लर्क सुनील ने उससे कंडक्टर पद पर भर्ती के बदले रिश्वत मांगी। जांच के बाद, ACB टीम ने फतेहाबाद रोडवेज में तैनात क्लर्क को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। विनोद पहले भी हड़ताल के दौरान हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर के रूप में काम कर चुका था और दोबारा भर्ती प्रक्रिया के तहत इस पद के लिए आवेदन कर रहा था। आरोपी क्लर्क के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।




