
Image source : social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 31 जुलाई। गुरुग्राम में हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया। जिले में रात से हो रही बारिश से कई जगह जलभराव भी हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। वहीं, गुरुग्राम के अलावा हिसार, पानीपत, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़-नारनौल और सिरसा जिलों में भी तेज बारिश हुई। इधर, दादरी और झज्जर में बूंदाबांदी हो रही है। उधर, दिल्ली में देररात तेज बारिश हुई और बादल पूरी रात बरसते रहे। सुबह 11 बजे के करीब बादलों ने बरसाना बंद किया। बारिश से दिल्ली का मौसम सुहावना हो गया है और यहां के निवासियों को उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में बारिश के आसार जताए हैं। सिरसा, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, पंचकूला और यमुनानगर शामिल हैं। यहां गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। अगले 4 दिन मौसम खराब रह सकता है।
आईएमडी के मुताबिक कल 16 जिलों फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, अंबाला और पंचकूला बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 2 और 3 अगस्त को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कैथल, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद में बूंदाबांदी और पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल में तेज बारिश की संभावना है। वहीं 3 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बारिश के आसार हैं।