file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 12 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने आयुष्मान कार्ड बनाने का झांसा देकर युवती के मोबाइल से ऑनलाइन 88 हजार रुपये अपने दोस्त के खाते में भेजकर ठगी करने वाले 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 15 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26.12.2025 को पुलिस थाना सदर में एक महिला द्वारा एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि नितिन नामक एक लड़के ने उसे उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने का झांसा देते हुए मोबाइल लिया और उसके फोन-पे का प्रयोग करके ऑनलाइन उसके बैंक खाते से 88 हजार रुपये ट्रांसफर करके ठगी कर ली। प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना सदर में सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सदर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी को 11.01.2026 को ओमेक्स मॉल सेक्टर-49 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन (उम्र 19-वर्ष) निवासी अंगदपुर थाना मखनपुर जिला फिरोजाबाद (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसने शिकायकर्ता को उसका आयुष्मान कार्ड बनाने का झांसा देकर उसका मोबाइल ले लिया और उसके मोबाइल से ऑनलाइन यूपीआई/फोन-पे के माध्यम से अपने दोस्त के बैंक खाते में 88 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। फिर अपने दोस्त को झूठ बोल दिया कि यह रुपये उसकी बहन ने भेजे है और फिर इसने वो रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस द्वारा आरोपी के पास से 15 हजार रुपये बरामद किए गए और आरोपी को आज अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




