Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 25 दिसंबर। फरीदाबाद के लघु सचिवालय में आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा और विधायक सतीश फागना मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस मौके पर सभी ने एक साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन भी सुना। उन्होंने सुशासन दिवस और भारत की योजनाओं की उपलब्धियां पर बयान दिया। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और देश में बांग्लादेशी और रोहिंग्या की घुसपैठ को लेकर साफ कहा कि एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर निकाला जाएगा, क्योंकि यह देश कोई धर्मशाला नहीं है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और मदन मोहन मालवीय के जन्मदिवस को देश वर्ष 2014 से हर साल सुशासन दिवस के रूप में मनाता आ रहा है। जब से इस देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में आई है, तब से लोगों को देश में सुशासन और पारदर्शी सरकार देखने को मिली है। इस दौरान डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्कैम फ्री इंडिया, देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अब नायब सैनी के नेतृत्व में लगातार सुशासन का काम चल रहा है। अधिकतर सेवाएं एक क्लिक से हर व्यक्ति के घर तक पहुंच रही हैं और आज केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का पैसा सीधा लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है। आज डिजिटल इंडिया का रास्ता अगर किसी ने दिखाया है तो वह हरियाणा ने ही दिखाया है, जिसकी शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी।
बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं को लेकर पूछे गए सवाल पर कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि निश्चित तौर पर सरकार हरसंभव कदम उठा रही है और उनके राजदूतों को भी सरकार ने बुलाया और समझाया और कड़ी आपत्ति जताई कि यह सब ठीक नहीं हो रहा और इसे तुरंत प्रभाव से रोका जाए। देश में बांग्लादेशी और रोहिंग्या की घुसपैठ के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का चुके हैं कि जितने भी घुसपैठियों देश में है उन्हें चुन-चुन कर बाहर निकला जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान कोई धर्मशाला नहीं है कि कोई भी आए और यहां आकर बस जाए। इसलिए घुसपैठियों की हिंदुस्तान में कोई जगह नहीं है। भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा सैटेलाइट लॉन्च करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है जो एक के बाद एक कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। आज जो दुनिया के देश नहीं कर पाए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिक करके दिखा रहे हैं।



