Source: Social Media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 29 दिसंबर। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने मंगलवार को कंपनी बाग में आयोजित होने वाली एक रैली को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल होंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार रैली में भारी संख्या में वाहन और लोगों के आने की संभावना है। एडवाइजरी के अनुसार रैली में आने वाले वाहन चालक अपने वाहनों को कमान सराय, पुराना अस्पताल, जेल चौक, नजदीक जोन हाल और राजीव चौक पर बनी कोर्ट पार्किंग में ही खड़ा करें।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे अपने वाहनों को सड़क मार्ग पर खड़ा न करके निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें, जिससे सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति न बने। इस रैली के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निम्न सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही आंशिक व पूर्ण रूप से बंद रहेगी…
1. अग्रसेन चौक से सैशन चौक की ओर जाने वाले वाहन चालक पुराने सिविल अस्पताल के पास बने तिराहे से दाहिनी ओर अग्रवाल धर्मशाला सड़क मार्ग की ओर जाएंगे।
2. अग्रवाल धर्मशाला चौक से मोर चौक की ओर जाने वाली सड़क मार्ग पूर्ण रुप से बंद रहेगी।
3. सैशन चौक से मोर चौक और मोर चौक से सैशन चौक सड़क मार्ग पर दोनों ओर वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
4. झाड़सा चौक से सैशन चौक की ओर आने वाले सड़क मार्ग को ओल्ड ज्यूडीसियल कॉम्पलैक्स रोड पर डायवर्ट किया जाएगा और अधिक भीड़ होने पर यह मार्ग आंशिक तौर पर कुछ समय के लिए बाधित भी रह सकता है।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अति आवश्यक होने पर ही इन सड़क मार्गों का प्रयोग करें।



