Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 29 दिसंबर। ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल में कक्षा बारहवीं (2025-26) के विद्यार्थियों के सम्मान में आज Citation Ceremony 2025–26 का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों के विद्यालय जीवन के एक महत्वपूर्ण अध्याय के समापन और उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने का प्रतीक था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जिसने पूरे सभागार को सकारात्मक ऊर्जा और आशीर्वाद से भर दिया। विद्यालय की प्राचार्या अलका सिंह ने विद्यार्थियों का स्नेहपूर्वक स्वागत करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, स्पष्ट दृष्टि और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन की नई यात्रा आरंभ करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का सबसे भावनात्मक क्षण कक्षा अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों के लिए सिटेशन वाचन रहा, जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी के व्यक्तित्व, प्रतिभा और उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा कैंडल प्रज्ज्वलन किया गया, जो उनके भीतर संचित ज्ञान, संस्कार और विवेक का प्रतीक था। गर्व और आत्मविश्वास से परिपूर्ण विद्यार्थियों ने अपने सिटेशन एवं स्मृति-चिह्न प्राप्त किए।
विद्यालय की निदेशिका के प्रेरणादायक संदेश ने सभी को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने और समाज के लिए आदर्श नागरिक बनने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के एंबेसडर, हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने भी अपने विद्यालय जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए भविष्य की चुनौतियों को स्वीकार करने का संकल्प व्यक्त किया।
अभिभावकों ने विद्यालय के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय की भूमिका की सराहना की। समारोह का समापन विद्यालय गीत के भावपूर्ण सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिसने सभी उपस्थितजनों की आंखें नम कर दीं। शुभकामनाओं और आशीर्वाद के साथ विद्यार्थियों ने अपने स्वर्णिम भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाए।



