Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। नववर्ष 2026 के आगमन की पूर्व संध्या पर कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त पूर्व गौरव राजपुरोहित और सहायक पुलिस आयुक्त डीएलएफ विकास कौशिक की अध्यक्षता में पुलिस थाना सेक्टर 29 में पब, बार, क्लब, रेस्टोरेंट एवं होटल संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नववर्ष के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ड्रिंक एंड ड्राइव की रोकथाम, आपात सेवाओं की उपलब्धता एवं संचालकों की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश दिए गए।
नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने, असामाजिक व शरारती तत्वों पर नियंत्रण रखने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान जिलेभर में करीब 5400 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहेंगे। वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे।



