
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 5 मई। ब्रह्मदत्त ब्लू बैल्स पब्लिक स्कूल में श्रमिक दिवस के अवसर पर 3 मई को रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ प्रबंध समिति ने एकजुट होकर श्रमिक दिवस मनाया। श्रमिक दिवस उनको समर्पित है जो श्रम के बल से समाज के ढांचे में अनोखा परिवर्तन ला देते हैं। श्रमिक किसी संस्था के संचालन के लिए आधार स्तंभ होते हैं। बिना श्रमिकों के संस्था गतिमान हो ही नहीं सकती। ब्लू बैल्स हमेशा स्वच्छता के लिए तत्पर अपने सहायक और सहायिकाओं, चालकों और परिचालकों, कर्मचारियों को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्कूल ने उनके लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। जिनमें क्रिकेट, म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, रिले रेस, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल आदि। प्रतिभागियों का उत्साह सचमुच सराहनीय था और उन्होंने अद्भुत खेल भावना का प्रदर्शन किया। इसके बाद शानदार दोपहर का भोजन हुआ। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष और ब्लू बैल्स ग्रुप ऑफ स्कूल आशीष गुलाटी द्वारा पुरस्कृत किया गया। गुलाटी ने सहायक कर्मचारियों के प्रयासों और योगदान की सराहना की और किसी भी संस्था के लिए श्रमिकों को उस संस्था की ‘रीढ़ की हड्डी’ के समान बताया।
मिडिल विंग इंचार्ज मधु तलवार ने सभी को तहेदिल से श्रमिक दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि हम सभी को श्रमिक वर्ग की कड़ी मेहनत और समर्पण का सम्मान और सराहना करना सीखना चाहिए, क्योंकि मजदूर हमारे समाज के वास्तविक वास्तुकार हैं और वे उचित सम्मान के पात्र हैं। ब्लू बैल्स विद्यालय अपने विद्यार्थियों में उनके प्रति आदर का भाव विकसित करने का काम करता है। मधु तलवार ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रबंध समिति का धन्यवाद किया।