Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 अक्टूबर। गुरुग्राम में आज नशे के खिलाफ नमक लोटा अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से लौटे में नमक डलवाकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलवाई गई।
जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा आज फरीदाबाद से गुरुग्राम साइकिल से पहुंचे और गुरुग्राम इकाई के सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार और प्रधान सिपाही सुनील कुमार को साथ लेकर गुरुग्राम के हॉट स्पॉट पर पहुंचे। सबसे प्रथम घाटा में लोगों को एकत्रित कर नशे के विरुद्ध अभियान चलाया। तत्पश्चात वजीराबाद में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम किया। दोनों स्थानों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करते हुए ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि यद्यपि हरियाणा में 2023 में 3823 अभियोगों में 6619 और 2024 में 3330 अभियोग अंकित कर 5982 नशा तस्करों को कारागार तक भेजा गया है। इस वर्ष 3 अक्टूबर 2025 तक 2735 अभियोग अंकित किए गए हैं और 4859 अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचाए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि नशे को समूल नष्ट करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी अत्यावश्यक है, ताकि कोई व्यक्ति नशे की और आकर्षित न हो। यही कारण है कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो प्रमुख द्वारा नशे के विरुद्ध आंदोलन में नमक लोटा अभियान को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि ये स्थान हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित हैं। हम सबको मिलकर अपने बच्चों को नशे से बचाना है तो ब्यूरो का सहयोग करना होगा। आज सब यह प्रतिज्ञा करें कि कोई नशा नहीं करेंगे। उपस्थित लोगों ने लोटे में नमक डालकर यह शपथ ली कि वे जीवन में कोई नशा नहीं करेंगे और न बेचेंगे। यदि को बेचता है तो इसकी गुप्त सूचना 1933 पर देंगे। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने आगे बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा गुटखा, पान मसाला और तंबाकू उत्पाद पर एक वर्ष के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है क्योंकि हरियाणा में प्रतिमाह लगभग 3 हजार कैंसर के रोगी सामने आ रहे थे। ब्यूरो के अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर बीड़ी आदि के खोखे पर जाकर उन्हें निर्देश दिए और तंबाकू उत्पाद हटवाए।




