Bilkul Sateek News
नूंह, 4 अक्टूबर। नूंह जिले में एक तेज रफ्तार कार कंटेनर से जा टकराई। जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो दंपत्ति और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक महिला कोमा में चली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।
हादसा नूंह जिले में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव अगोन के पास हुआ। हादसे के वक्त कार सवार गुरुग्राम से जयपुर घूमने के लिए जा रहे थे। कार जब दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव अगोन के समीप पहुंची, तो आगे चल रहे एक कंटेनर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे चल रही तेज रफ्तार कार कंटेनर में जा घुसी। हादसे में कार में सवार दो दंपति और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज उत्तर प्रदेश के बरेली में चल रहा है। इनमें से सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी कोमा में चली गई है।
गुरुग्राम जिले के भोंडसी गांव में डिफेंस कॉलोनी गली नं-6 नजदीक दुर्गा माता मंदिर, अपोजिट बीएसएफ कैंप के रहने वाले दीनदयाल सैनी के पुत्र आशीष सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेंट्रिक आईटी कम्पनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। 1 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी श्रुति सैनी, 2 वर्षीय बेटे दिवित सैनी और दोस्त हरीश राठौर विकास नगर वार्ड 1 रुद्रपुर उत्तराखंड उनकी पत्नी आयुषी और उनका 2 वर्षीय बेटे राघव के साथ अपनी टाटा पंच कार में जयपुर घूमने जा रहे थे। जब वे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव अगोन के समीप पहुंचे, अचानक सामने चल रहे एक कंटेनर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तेज रफ्तार कार जैसे ही ट्रक के अंदर घुसी वैसे ही उसके परखच्चे उड़ गए। आगे से पूरी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आशीष ने बताया कि उन्हें गाड़ी में कुछ होश आया, तो उन्होंने कंटेनर के नंबर देख लिया, जिसके बाद वह फिर से बेहोश हो गए।
उन्होंने बताया कि हाईवे की एंबुलेंस उन्हें अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। बाद में होश आने के बाद उन्होंने अपने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोगों ने उन्हें गुरुग्राम के पारस अस्पताल के एडमिट कराया।
आशीष ने बताया कि उसकी पत्नी श्रुति हादसे के बाद बाद कोमा में चली गई है। वहीं दोस्त हरीश और उनकी पत्नी आयुषी की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दोनों बच्चों को भी चोटें आई है। आशीष ने बताया कि सभी को अब उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। जहां उनका उनका इलाज चल रहा है।
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी निखिल ने बताया कि शिकायत के आधार पर कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कंटेनर को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। जिसके नंबरों के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




