सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा माह-2025
यातायात पुलिस कर्मियों के लिए जुंबा सत्र का आयोजन
हीरो ट्रैफिक सेफ्टी पार्क सेक्टर-29 में नाचे महिला व पुरुष पुलिसकर्मी
कर्मियों को शारीरिक रूप से बेहतर, स्वस्थ व ऊर्जावान बनाए रखना उद्देश्य
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 जनवरी। दूसरों को डंडे के दम पर नचाने वाले पुलिसकर्मी आज खुद नाचते नजर आए। मौका था जुंबा सत्र का। यातायात पुलिकर्मी ड्यूटी के दौरान हमेशा ऊर्जावान बने रहे और उनका स्वास्थ्य बेहतर रहे इसके लिए इस सत्र का आयोजन किया गया था। सेक्टर 29 स्थित हीरो ट्रैफिक सेफ्टी पार्क में मैं तो तेरी… गाने पर महिला हो या पुरुष पुलिसकर्मी खूब झूमते नजर आए। सत्र की सफलता उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी।
पुलिस उपायुक्त यातायात विरेंद्र विज के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व सुरेंद्र कौर, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पश्चिम जयसिंह की देखरेख में राहगीरी फाउंडेशन, नगारो, HeroMotoCorp, RSO केशिका दीवानी की सहायता से आज सुबह 07 बजे यातायात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला थानों कर्मचारियों के लिए जुंबा सत्र का आयोजन कराया गया।
इस जुंबा सत्र आयोजन के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व सुरेंद्र कौर, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पश्चिम जयसिंह, यातायात पुलिस में तैनात सभी यातायात निरीक्षक, यातायात जोनल अधिकारियों, तीनों महिला थानों की महिला एसएचओ, महिला थानों की महिला कर्मचारी, राहगीरी फाउंडेशन कर्मचारी, आरएसओ केशिका दीवानी समेत करीब 180 लोग मौजूद थे। कार्यक्रम को पीयूष ने लीड किया।
‘रोड सुरक्षा जीवन रक्षा माह-2025‘ के तहत यातायात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को शारीरिक रूप से बेहतर, स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से इस जुंबा सत्र का आयोजन कराया गया, ताकि सभी लोग एक नई ऊर्जा के साथ अपनी ड्यूटी व फर्ज को बखूबी निभाएं।
इस आयोजन के दौरान मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने जुंबा सत्र का जमकर लाभ उठाया और रोजाना इस प्रक्रिया को अपनी दिनचर्या में भी शामिल करने का प्रण किया। जुंबा सत्र करने से कई फायदे मिलते हैं और हमें अस्वस्थ होने से भी बचाएगा।
इस कार्यक्रम के आयोजन के माध्यम से मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बतलाया गया कि वे सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की जागरूकता और यातायात नियमों के बारे में आयोजन करके अधिक से अधिक लोगों को जागरूक भी करें, ताकि हमारी मेहनत व प्रयासों से पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष 2025 में सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।



